सभी निर्माण कार्यो को गुणवत्तापरक एवं मानक के अनुसार पूर्ण करायें:- अविनाश कुमार
संवाददाता फारूक क़ुरैशी
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने मुख्य डाकघर के पीछे स्थिति निर्माणाधीन तालाब, दसवां संस्कार कार्यक्रम स्थल, नगर पालिका में बनने वाले मीटिंग हाल स्थल, पुरानी नगर पालिका में बनने वाली सब्जी, दूध व खोया मंडी स्थल तथा रेलवेगंज स्थिति पौराणिक बाबा तालाब एवं पार्क का सघन निरीक्षण अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद रवि शंकर शुक्ला के साथ किया।
डाकघर स्थिति तालाब एवं बाबा तालाब के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने ईओ से कहा कि तालाब के किनारे के सभी अतिक्रमण हटवायें और घरों से तालाब में आने वाले पानी की निकासी नाला के माध्यम से कराये ताकि तालाब में गन्दा पानी न आये तथा तालाब में पानी भरने के लिए समर सेबुल लगवाये एवं तालाब एवं पार्क की सुरक्षा के दृष्टिगत चारो तरफ दीवार का निर्माण प्राथमिकता पर करायें। कंपनीबाग द्वार पर स्थिति दसवां संस्कार कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण में ईओ ने बताया कि यहां एक शौचालय, स्नानगृह एवं टीनशेड का निर्माण के साथ जीर्णशीर्ण सुलभ शौचालय को तोड़ कर चार दुकानों का निर्माण कराया जायेगा तथा सुलभ शौचालय का पुनः निर्माण दूसरे स्थान पर किया जायेगा। इसके उपरान्त जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद, हरदोई में बनने वाले मीटिंग हाल स्थल का निरीक्षण किया तथा ईओ को निर्देश दिये कि मीटिंग हाल निर्माण के दौरान कुछ स्थान पेड़-पौधे लगाने के लिए भी रखा जाये। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद गेट के अन्दर एवं बाहर अवैध अतिक्रमण कर दुकाने आदि लगी होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए ईओ को निर्देश कि समस्त अवैध अतिक्रमण तत्काल प्रभाव से हटवायें और बिना अनुमति किसी प्रकार का अतिक्रमण करने वालों पर कड़ी कार्यवाही करें।
पुरानी नगर पालिका में बनने वाली सब्जी, दूध एवं खोया मंड़ी के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने ईओ से कहा कि दुकानदारों को बैठने एवं सब्जी आदि लगाने के लिए चबूतरों का निर्माण मानक के अनुरूप कराने के साथ पार्किग की व्यवस्था भी रखी जाये और सभी निर्माण कार्यो को गुणवत्तापरक एवं मानक के अनुसार पूर्ण करायें।
Tags:
हरदोई
