दिनदहाड़े सराफा कारोबारी पर चली गोली...घायल हॉस्पिटल में भर्ती
आईजी रतन लाल डांगी और एसएसपी पारुल माथुर मौके पर पहुंचे
एक आरोपी को आसपास के लोगों ने पकड़ा...दो अन्य फरार...कट्टा जब्त
बिलासपुर में तीन लुटेरों ने भीड़भरे गोंड़पारा क्षेत्र में लूट की नीयत से सराफा कारोबारी पर गोली चलाई। गोली व्यापारी के पेट के पास लगी है। उसे अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहीं, लोगों ने एक लुटेरे को पकड़ लिया है, जबकि दो अन्य भागने में कामयाब रहे। पुलिस पकड़े गए लुटेरे से पूछताछ कर रही है। शहर में दो अन्य लुटेरों की तलाशी के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है, क्योंकि लोगों ने लुटेरों की बाइक छीन ली, लेकिन दोनों दौड़कर शनिचरी बाजार की ओर भाग निकले।
जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के गोड़पारा मुख्य मार्ग में मुन्नू लाल शुक्ला हाईस्कूल के पास दीपक ज्वेलर्स के नाम से ज्वैलरी शॉप है। मन्दिर के बाजू में ही साईं मन्दिर है। गुरुवार को दोपहर दो बजे के लगभग ज्वेलर्स दुकान के मालिक 33 वर्षीय दीपक सोनी पिता नंद लाल सोनी दुकान में बैठे थे। तभी तीन बदमाश सीडी डीलक्स गाड़ी में सवार होकर दुकान में पहुंचे।
वहां कुछ देर बात करने के बाद बदमाशों ने कट्टा निकाल कर दुकान संचालक पर तान दिया। दुकान संचालक कुछ समझ पाते इससे पहले ही बदमाशों ने दो से तीन राउंड फायर किया, जिसमें से एक गोली दीपक सोनी को लगी। गोली दीपक सोनी के पेट में जा लगी।

