कुर्बानी जानवर की फोटो वीडियो सोशल मीडिया पर ना डालें खुले में न करें कुर्बानी, अवशेष गड्डों में गाड़े
बिलग्राम में बकरीद त्योहार को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।जिसमे क्षेत्राधिकारी रवि प्रकाश सिंह ने शासनादेश के अनुसार महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी और खुले में कुर्बानी पर रोक लगाई। साथ ही सड़क पर नमाज अदा करने पर भी प्रतिबंध लगाया।थाना प्रभारी राकेश यादव ने भी शासनादेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। थाना परिसर में आयोजित बैठक में हिंदू-मुस्लिम समुदाय के धर्म गुरु और क्षेत्र के प्रमुख लोग मौजूद थे।नगर पालिका को कुर्बानी के अवशेषों के निपटान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पालिका के वाहन तीन दिनों तक कुर्बानी स्थल के बाहर तैनात रहेंगे। वे मलबे को गड्डों में दफन करेंगे। तहसीलदार ने बिजली-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हर वार्ड में सफाई कर्मचारी की तैनाती की जाएगी।थाना अध्यक्ष ने विशेष चेतावनी दी कि कुर्बानी का वीडियो न बनाएं और न ही सोशल मीडिया पर कोई अफवाह फैलाएं। उन्होंने कहा कि यह अपराध है। सभी को मिल-जुलकर त्योहार मनाने की अपील की गई।बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष अनिल राठौर, जल निगम जेई बृजेश कुमार, अवर अभियंता संतोष कुमार, नगर पालिका बाबू विशाल श्रीवास्तव, सभासद डॉ सईद, बृजकिशोर मौर्य, पुत्तन खान, रोहित कदीर, मुकेश पाठक, शब्बीर अहमद, नगर अध्यक्ष नीरज गुप्ता और अफसर अली शैलेंद्र सिंह, सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।