बिलग्राम-सड़कों तक फैला अतिक्रमण लगता है भीषण जाम
जिला संवाददाता फारूक क़ुरैशी
बिलग्राम नगर में फैला अतिक्रमण कोढ़ में खाज की तरह बनता जा रहा है। दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों के आगे जगह घेर कर अतिक्रमण फैलाने में अहम भूमिका अदा कर रहे हैं। तो वहीं दुकानों के सामने आड़े-तिरछे वाहन खड़े होने से भी जाम के झाम से नगरवासी जूझने को मजबूर हो रहे हैं। स्थानीय प्रशासन ने बीते कुछ महीनों पहले में ही अतिक्रमण हटाओ अभियान को निपटा दिया और एक ही दिन में अतिक्रमण अभियान टांय-टांय फिस्स हो गया। नगर की सड़कों पर अतिक्रमण इस कदर फैलता जा रहा है कि आम आदमी को सदर बाजार आने के लिए कई बार सोचना पड़ता है। अतिक्रमण कोढ़ में खाज की तरह फैलता जा रहा है। नगर के चौराहे के पास कैनरा बैंक व एटीएम के कारण ग्राहकों द्वारा अपने-अपने वाहन आड़े-तिरछे खड़े कर जाम लगवाने की शुरुआत हो जाती है। जैसे-तैसे इधर से लोग निकल पाते हैं तो वही रफ्फय्यत गंज रोड पूरी तरह ब्लाक रहता है कारण है उस रोड पर बनी लकड़ी की आरा मशीन जो लकड़ियां रोड पर ही स्टॉक रहती हैं जिस कारण जाम लगना शुरू हो जाता है। इसके बाद बस स्टैंड हरदोई रोड पर तथा रोड पर बनी मनमर्जी सब्जीमंडी पर जाम की स्थिति पूरे दिन बनी रहती है। तथा चारों ओर अतिक्रमण फैला हुआ है। मार्केट में पैदल चलना भी मुश्किल है लोग पैदल नहीं निकल पाते हैं। अतिक्रमण अभियान कई बार चलाया गया लेकिन अतिक्रमणकारियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अतिक्रमण हटने के तुरंत बाद ही फिर से अतिक्रमण हो जाता है। नगर के लोगों को अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर पूर्व में तैनात रहे आदर्श नगर पालिका परिषद के ईओ उमेश कुमार मिश्रा की याद आती है।उनके समय में नगर में सड़कें चौड़ी दिखने लगी थीं। दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों के अंदर ही सामान रखने लगे थे और सड़कों पर आड़े-तिरछे वाहन खड़े होना वर्जित हो गये थे। इस विषय में जब वर्तमान ईओ श्रीचंद से बात की तो उन्होंने कोई संतोष जनक जवाब नहीं दिया। जिससे अतिक्रमण की झाम से नगर वासियों को राहत नहीं मिल सकेगी।