जिलाधिकारी हरदोई एवं पुलिस अधीक्षक हरदोई द्वारा अर्धसैनिक एवं पुलिस बल को ब्रीफ किया गया
संवाददाता फारूक क़ुरैशी
हरदोई विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 के चौथे चरण दिनांक 23.02.2022 को जनपद हरदोई के 08 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होना प्रस्तावित है । मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, निर्विवाद व सकुशल सम्पन्न कराने के लिए आज दिनांक 21.02.2022 को पुलिस लाइन हरदोई में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक तथा अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) जनपद हरदोई द्वारा मतदान प्रक्रिया में लगने वाले समस्त अधिकारी/कर्मचारी (पुलिस/प्रशासनिक/अर्धसैनिक बल) को ड्यूटी के लिए ब्रीफ किया गया । मतदान प्रकिया के लिए अर्द्धसैनिक बल की 125 कम्पनी, 01 प्लाटून, सिविल पुलिस के विभिन्न जनपदों से आये 622 निरीक्षक/उपनिरीक्षक, 6470 आरक्षी/मु0आरक्षी तथा 5226 होमगार्ड की ड्यूटी लगायी गयी है । आज दिनांक 21.02.2022 को शाम 18:00 बजे से सभी प्रकार का चुनाव प्रचार समाप्त हो जायेगा इसके उपरान्त कोई चुनाव प्रचार करता पाया गया तो उसके विरूद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जायेगी । जनपद को 18 जोन व 194 सैक्टर में विभाजित किया गया है ।
जनपद की 08 विधानसभाओं में 2114 मतदान केन्द्र तथा 3499 बूथ है जिन पर अर्धसैनिक/पुलिस बल लगा है । मतदान केन्द्र के 200 मीटर की परिधि में किसी प्रकार का ध्वनियंत्र/लाउडस्पीकर तथा किसी भी पार्टी का कैम्प ना लगने दिया जाए । मतदान केन्द्र के अन्दर किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को प्रवेश ना दिया जाए । मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली किसी भी सूचना के सम्बंध में सम्बंधित थाना प्रभारी व उच्चाधिकारी को दूरभाष द्वारा तत्काल सूचित किया जाए। ड्यूटी पर लगा समस्त पुलिस फोर्स मतदाताओं से मधुर व्यवहार करे । किसी भी प्रकार की अभद्रता ना होने पाये । मतदान केन्द्र के अन्दर मतदान कर्मियों के अतिरिक्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी प्रकार का शस्त्र/मोबाइल फोन तथा अन्य कोई वर्जित सामान ले जाने की अनुमति नही दी गयी है । सभी जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने समकक्ष जोनल व सेक्टर पुलिस अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सभी पोलिंग बूथों का निरीक्षण कर पोलिंग पार्टियों के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाऐं सुनिश्चित कर लें ।
पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा उपस्थित समस्त बल को सम्बोधित करते हुए बताया कि हमारी प्राथमिकता स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराना है, इसलिए पोलिंग बूथों पर ड्यूटी पर नियुक्त समस्त अधिकारी/कर्मचारी ड्यूटी के दौरान निष्पक्षता के साथ ड्यूटी करे एवं निष्पक्ष दिखाई भी दें । बूथ पर सुरक्षा के लिए नियुक्त किये गये समस्त अर्धसैनिक/पुलिसबल सर्वप्रथम अपने ड्यूटी के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारी प्राप्त कर लें तथा अपने पर्यवेक्षण अधिकारी का मोबाइल नंबर अवश्य प्राप्त कर लें ।

